गलवान की हिंसक झड़प के बाद चीन सीमा पर हालात लगातार बदल रहे हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है – चीन के साथ भारत की सीमा अब पहले के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हो गई है। लेकिन सीमा पर सेना को बनाए रखने की भारत की क्षमता में भी बड़ा सुधार हुआ है।
जयशंकर ने क्या कहा?
दिल्ली में HT लीडरशिप समिट में जयशंकर बोले –
‘उस सीमा पर खुद को बनाए रखने और सेना तैनात करने की हमारी क्षमता में सुधार हुआ है। मैं कहूंगा कि इसमें काफी महत्वपूर्ण सुधार आया है।’
उन्होंने माना कि सीमा की स्थिति अब पहले जैसी नहीं है, वहां गतिविधियां बढ़ी हैं।
गलवान का जिक्र
जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसमें भारत के 20 सैनिक शहीद हुए थे।
इसके बाद दोनों देशों के संबंधों में लंबे समय तक तनाव बना रहा। जयशंकर ने कहा कि सीमा पर तैयारियों को मजबूत करना जरूरी था, क्योंकि पहले इस क्षेत्र के बुनियादी ढांचे पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था।
पहले क्यों हुई अनदेखी?
जयशंकर ने कहा कि करीब एक दशक पहले तक भारत ने सीमावर्ती इलाकों के बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता नहीं दी थी।
1980 के दशक में भारत और चीन की अर्थव्यवस्थाएं लगभग बराबर थीं। लेकिन चीन ने आधुनिकीकरण और औद्योगीकरण पर तेजी से काम किया, भारत इस मौके का फायदा नहीं उठा पाया।
1988 में राजीव गांधी की चीन यात्रा के समय दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं समान स्तर पर थीं। चीन ने इसके बाद औद्योगिक विकास पर जोर दिया और आर्थिक रूप से काफी आगे निकल गया।
दुनिया बदल रही है, भारत को मजबूत होना होगा
विदेश मंत्री ने कहा कि दुनिया का मौजूदा स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आने वाले समय में देशों के बीच संबंध पहले से ज्यादा लेन-देन पर आधारित हो सकते हैं।
ऐसे में भारत को अपनी आर्थिक और औद्योगिक क्षमता मजबूत करनी होगी।
उन्होंने अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को वैश्विक अस्थिरता का अहम कारण बताया। लेकिन ये इकलौती वजह नहीं है। भारत को सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर रणनीति तय करनी होगी।
अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की मध्यावधि चुनावों में जीत पर उन्होंने कहा कि इससे कई चीजें बदल सकती हैं। व्यापार पर भारत अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत और सहयोग जारी रखेगा।
AI के बढ़ते प्रभाव पर भी उन्होंने बात की। उनका जोर इस बात पर रहा कि वैश्विक बदलावों के बीच भारत को आर्थिक, औद्योगिक और रणनीतिक रूप से मजबूत बनना होगा।

