लखनऊ में शनिवार को समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। बड़ी संख्या में नए नेताओं, बीडीसी सदस्यों और पूर्व सैन्य अधिकारी के पार्टी में शामिल होने के मौके पर उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी।
अपने संबोधन की शुरुआत में अखिलेश यादव ने भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर से निकले नारे ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा को खुद पता चल चुका है कि उनका कमल मुरझा गया है। विदाई के समय भी हम ‘राधे-राधे’ कहते हैं, यानी अब भाजपा की विदाई होने जा रही है। पार्टी में शामिल हुए उत्पल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्पल का अर्थ भी कमल होता है, यानी कमल छोड़कर कमल हमारे साथ आ गए हैं और अब भाजपा का कमल और मुरझा जाएगा। भाजपा द्वारा Gen Z युवाओं को लेकर चलाए जा रहे कैंपेन पर उन्होंने कहा कि भाजपा हटेगी, तभी संकट मिटेगा।
अखिलेश यादव ने भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरी पुलिस फोर्स और कई अधिकारी पिछले 10 वर्षों से भाजपा के पदाधिकारी की तरह काम कर रहे हैं और अहम कुर्सियों पर ‘रिश्तेदार के रिश्तेदार’ बैठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ऐसे अधिकारी को नौ विधानसभा वाले जिले में तैनात किया गया है, जिसने पहले विधायकों को हराया था, ताकि बगल के जिले के वोट दूसरे जिले में बनवाकर साजिश रची जा सके। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार मतदान प्रक्रिया में आधार और बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि वे पार्टी के सभी विधायकों, एमएलसी, लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ मिलकर चुनाव आयोग को 15 बिंदुओं पर पत्र लिखेंगे। एक करोड़ 27 लाख वाले बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद मुख्यमंत्री ने दोबारा वह बात नहीं दोहराई।
सपा प्रमुख ने मेजर के पार्टी में जुड़ने पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जब भी सपा की सरकार बनेगी, अग्निवीर जैसी योजना को तत्काल खत्म किया जाएगा। अनिल कसाना के इलाके का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र दिल्ली जैसा लगता है और उनकी विधानसभा से सपा को बड़ी ताकत मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार बनने पर गाजियाबाद और लोनी विधानसभा की जनता से किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे। वहीं, लखीमपुर और सीतापुर में पीडीए को मजबूत करने के लिए अवधेश चौहान के जुड़ने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जो भी अवधेश हैं, सब जीत रहे हैं। उन्होंने बीडीसी को लोकतंत्र की पहली इकाई बताते हुए उनके साथ बड़ी संख्या में लोगों के जुड़ने का स्वागत किया और वेबसाइट लॉन्च करने वाले साथी को बधाई दी।
भाजपा सरकार को ‘करप्शन में मास्टर’ बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में हर व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। केंद्र और यूपी सरकार के किसी भी विभाग की सीएजी रिपोर्ट उठाकर देख लें, सच्चाई सामने आ जाएगी। पीने के पानी की योजना में हुआ घोटाला इसका सिर्फ एक उदाहरण है। प्रदेश को विकास की गति देने के लिए इस भ्रष्ट सरकार को हटाना जरूरी है। गोरखपुर से जुड़े विषय पर उन्होंने संयम दिखाते हुए कहा कि वे आज इस पर कुछ नहीं बोलेंगे, बल्कि दो दिन के शोक के बाद गोरखपुर मुद्दे पर अलग से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
बसपा नेता आकाश आनंद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि आज जो कुछ भी सियासत में बुना जा रहा है, वह पीडीए के इर्द-गिर्द ही है। पीडीए अब सिर्फ एक नारा नहीं रहा, बल्कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए एक ‘इमोशनल मूवमेंट’ बन चुका है। आजम खान के ‘इंकलाब’ वाले बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा हारने जा रही है और लोकतंत्र को जीतने के लिए हमारी बातचीत चल रही है। कुंडा और गोंडा में हो रही रामकथा पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी ठोस जानकारी नहीं है, लेकिन सपा सरकार खुद रामायण मेला करवाती थी। इस बार यूपी की जनता प्रेम, दया और भाईचारे को मजबूत करने जा रही है, इसलिए अब भाजपा को अपनी वापसी विदाई की तैयारी कर लेनी चाहिए।

