‘पवन मेरे छोटे भाई जैसे हैं, अपमान की कोई मंशा नहीं थी’ – माइक छीनने वाले वीडियो पर राजा भैया ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों बीच में लेना पड़ा माइक, फिर पवन ने गाया भजन

कुंडा में हुई श्रीराम कथा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह और कुंडा विधायक राजा भैया के फैंस आपस में ही भिड़ गए। वजह यह थी कि मंच पर राजा भैया ने पवन सिंह के हाथ से माइक ले लिया था। पवन सिंह के चाहने वालों ने इसे उनका अपमान बताते हुए तरह-तरह की पोस्टबाजी शुरू कर दी। अब इस पूरे मामले पर खुद राजा भैया ने सफाई दी है और कहा है कि पवन सिंह से माइक लेकर उनका अपमान करने की कोई मंशा नहीं थी।

प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती महल में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का आयोजन किया गया था। इस कथा में राजनीति और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं। इसी दौरान भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह भी कथा में पहुंचे थे। कार्यक्रम के मंच पर राजा भैया ने पवन सिंह को संबोधन के लिए माइक दिया। पवन सिंह ने जैसे ही बोलना शुरू किया, राजा भैया ने अचानक उनके हाथ से माइक वापस ले लिया और खुद मंच से कुछ बोलने लगे। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और कई लोगों ने इसे पवन सिंह का अपमान बताते हुए सवाल उठाए।

वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए राजा भैया ने कहा कि बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पवन सिंह उनके बेहद प्रिय हैं और भोजपुरी फिल्म जगत में उनकी बड़ी लोकप्रियता है। वह कार्यक्रम में आए थे और उन्हें बोलने के लिए माइक दिया गया था, लेकिन इसी बीच एक जरूरी काम याद आ गया। इसके बाद उन्होंने पवन सिंह से माइक लेकर घोषणा की और फिर वापस उन्हें माइक थमा दिया। राजा भैया ने कहा कि कुछ लोगों ने इस सामान्य घटनाक्रम को माइक छीनने का नाम दे दिया, जबकि ऐसा कुछ नहीं था। उन्होंने साफ किया कि पवन सिंह का इस रामकथा में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके साथ उनके बेहद आत्मीय संबंध हैं।

राजा भैया ने पवन सिंह के साथ अपने रिश्ते को स्पष्ट करते हुए कहा कि भोजपुरी स्टार उनके परिवार के सदस्य हैं और छोटे भाई की तरह हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को नकारात्मक नजरिए से देखने के बजाय सकारात्मकता के साथ देखना चाहिए।

दरअसल मंच पर कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के परिचय में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह और प्रिंसु का नाम छूट गया था। इसी चूक का एहसास होने पर राजा भैया ने पवन सिंह से माइक लेकर दोनों का नाम लिया और मंच से इस गलती के लिए माफी भी मांगी थी। उन्होंने इसके लिए नाम लिखने वाले की गलती के साथ अपनी चूक भी स्वीकार की थी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पवन सिंह को दोबारा माइक दिया गया। उन्होंने रामकथा में शामिल होने पर प्रसन्नता जताई और राजा भैया का आभार व्यक्त किया। इसके बाद पवन सिंह ने मंच से भजन भी प्रस्तुत किया, जिस पर कथा पंडाल तालियों से गूंज उठा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *