चिराग पासवान, केंद्र और बिहार दोनों में एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं। खुद को ‘मोदी का हनुमान’ भी कहते हैं। इसके बावजूद ऐसे कई मौके रहे, जब उन्होंने अपने ही समर्थन वाली सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया।
बिहार में हाल ही में जब 2 निर्दलीय MLC बीजेपी में शामिल हुए तो लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) पार्टी के प्रमुख ने गठबंधन धर्म पर सवाल खड़े कर दिए। यही नहीं बिहार में कानून व्यवस्था की बात हो या भरत तिवारी एनकाउंटर की, चिराग अक्सर एक विपक्ष के नेता की तरह अपने ही समर्थन वाली सम्राट चौधरी सरकार को घेरते नजर आते हैं।
‘बिहार NDA गठबंधन में चौकीदार हूं’
चिराग पासवान ने एबीपी के एक कार्यक्रम में इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा कि वह एनडीए में एक पहरेदार और चौकीदार की भूमिका में हैं। वह किसी भी मुद्दे पर ऐसे ही वॉकओवर नहीं दे सकते। चिराग ने कहा, ‘आज मेरी शक्तियां सीमित हैं। 243 सीटों वाली विधानसभा में हमारे पास सिर्फ 19 ही विधायक हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘सीमित क्षमता के साथ मैं अपने प्रयास कर रहा हूं। मैं ऐसे ही वॉकओवर नहीं दे सकता। जो चीज ठीक नहीं है, उन्हें रोकने की क्षमता भले ही न हो, लेकिन कम से कम उन मुद्दों पर आवाज तो उठा ही सकता हूं।’
राजद के साथ नहीं जाएंगे
चिराग से जब एनडीए छोड़ने को लेकर पूछा गया तो उन्होंने सीधे कहा, ‘फिर क्या करूं? एनडीए को छोड़कर क्या करूं? आरजेडी को समर्थन दे दूं क्या? सरकार का हिस्सा होकर कम से कम चीजों को सुधारने की कोशिश तो कर सकता हूं।’
उन्होंने लालू शासन को जंगलराज करार देते हुए कहा कि वह उनके साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे। चिराग पासवान ने कहा कि उनके पास कई बार राजद की ओर से प्रस्ताव आ चुका है। 2020 और 2024 में उन्हें प्रस्ताव मिला है। लेकिन उनका समर्पण प्रधानमंत्री मोदी के प्रति है।

