दूध से बनेगी 1 करोड़ महिलाएं लखपति, बकरी के दूध का भी बनेगा बाजार, जानिए सरकार का नया प्लान

दूध दिवस के मंच से इस बार सबसे ज्यादा चर्चा महिलाओं को लेकर हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2030 से पहले बिहार की 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। अभी तक 50 लाख महिलाएं ये मुकाम हासिल कर चुकी हैं।

और इसमें सबसे बड़ा हथियार पशुपालन और डेयरी को बनाया जाएगा।

सरकार अब सिर्फ गाय और भैंस पर नहीं रुकेगी। बकरी पालन को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाएगा। गांव के परिवारों के लिए बकरी आय का सबसे आसान जरिया है।

सुधा के जरिए अब बकरी के दूध को भी इकट्ठा करके बेचा जाएगा। इसके लिए रोज 1 लाख लीटर का लक्ष्य रखा गया है। अगर ये सफल हुआ तो गांव की महिलाओं को रोज की पक्की आमदनी मिलेगी।

महिलाओं की मदद के लिए पशु सखी भी तैयार की जा रही हैं। ये सखी गांव-गांव जाकर पशुपालकों को सलाह और मदद देंगी।

पशुओं के गोबर को भी बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। इससे जैविक खाद बनेगी और कंप्रेस्ड बायोगैस यानी सीबीजी के लिए नई नीति बनाई गई है। इससे गांव में ही साफ ऊर्जा और नए रोजगार के मौके बनेंगे।

पशुओं के इलाज के लिए हर प्रखंड में पशु औषधि केंद्र खोला जाएगा, ताकि किसी पशुपालक को अपने पशु के इलाज के लिए दूर ना जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने अपनी बात को एक कविता के साथ खत्म किया – श्वेत क्रांति की धारा से हर आंगन में उजियारा हो, पशुपालक हों खुशहाल यहां, समृद्ध बिहार हमारा हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *