‘दिल चाहता है 6 महीने के लिए अखिलेश जी भी जेल आ जाते’ – घोषणा-पत्र के मंच पर छलका आजम का दर्द, ओवैसी-चंद्रशेखर पर भी साधा निशाना

सपा के घोषणा-पत्र वाले मंच पर आजम खान का दर्द साफ झलक रहा था। उन्होंने अपने 5 साल की जेल, परिवार की परेशानियों और राजनीतिक संघर्ष को खुलकर बयां किया।

आजम ने कहा, “हम उन चंद बेवकूफ लोगों में से हैं, जिन्होंने एक ही खानदान के लिए अपना आधा जीवन गुजार दिया। जिनके लिए सबकुछ किया, मैं आधी सदी तक उनके साथ रहा और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया।”

साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया और कहा कि उनसे कोई गलती हो जाए तो माफ कर देंगे।

भगत सिंह से की तुलना

आजम ने अपने बेटे के जेल जाने की तुलना स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह से की। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भी भगत सिंह के परिवार को इस तरह जेल में नहीं डाला था।

उन्होंने कहा, “मैं, मेरा बेटा और पत्नी… सामान्य तौर पर हमें मर जाना चाहिए था लेकिन हम सख्त जान साबित हुए। अब लगता है कि मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे।”

विरोधियों पर निशाना

राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए आजम ने ओवैसी और चंद्रशेखर की ओर इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को बना सकते हैं, लेकिन वे किसी सरकार के गठन को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का लक्ष्य किसी का बनता हुआ राजनीतिक खेल बिगाड़ना है।

घोषणा-पत्र पर क्या बोले?

आजम ने कहा कि यह घोषणा-पत्र न ही केवल चुनावी वादों का दस्तावेज है और न ही कोई ऐसी किताब है, जिसमें लिखी बातों तक ही सबकुछ सीमित रहेगा। जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *