आनंद मोहन पर फैसले के बाद बिहार में सियासी जंग, तेजस्वी बोले – फायदे के लिए जेल से निकालते और अंदर भेजते हैं नीतीश

आनंद मोहन वाले फैसले के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर तो सबने चुप्पी साधी, लेकिन सरकार की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कोर्ट के फैसले पर कुछ नहीं कहा, लेकिन नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार राजनीतिक फायदे के लिए किसी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। फायदे के हिसाब से लोगों को जेल से निकालते हैं और अंदर भेजते हैं।

तेजस्वी ने कहा, नीतीश अक्सर कहते हैं कि वे न किसी को बचाते हैं और न फंसाते हैं। लेकिन सच्चाई यही है कि वे जरूरत के हिसाब से चयनात्मक कार्रवाई करते हैं।

वहीं पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, लेकिन सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में है।

पप्पू यादव ने कहा कि आनंद मोहन ने इधर जेडीयू की राजनीति को लेकर जो टिप्पणी की थी, वो उनके खिलाफ चली गई। जेडीयू के रणनीतिकारों ने उस टिप्पणी को दिल पर ले लिया।

उनका आरोप है कि इसी वजह से बिहार सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से नहीं रख पाई। सरकार को बताना चाहिए था कि संशोधन प्रक्रिया का पालन करके ही किया गया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि चाहे कोई भी सरकार हो, संशोधन पर सवाल उठते ही हैं। 2016 में जब नियम में जोड़ा गया कि ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषी को 20 साल बाद भी समयपूर्व रिहाई नहीं मिलेगी, तब भी कहा गया था कि ये आनंद मोहन को रोकने के लिए है। 2023 में जब हटाया गया, तब कहा गया कि ये उन्हें निकालने के लिए है।

अब फिर से वही सवाल घूमकर सामने आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *