रायगंज। 12 साल की बच्ची के रेप-हत्या के आरोपी के एनकाउंटर के बाद अब उस जगह के विजुअल सामने आए हैं।

इन विजुअल में पुलिस की गाड़ी पर गोलियों के निशान साफ दिख रहे हैं।

आधी रात को मिला था इनपुट

पुलिस को आधी रात के आसपास खुफिया इनपुट मिला – वांछित आरोपी दिलीप रॉय गौरी ग्राम पंचायत के पास छिपा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई। सुबह 3.30 बजे टीम मौके पर पहुंची।

आरोपी ने पुलिस को देखते ही ओपन फायर कर दिया।

पुलिस ने बचाव में जवाबी गोली चलाई, जिसमें रॉय घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

क्यों भाग रहा था आरोपी?

सूत्रों के मुताबिक, रॉय बिहार बॉर्डर के रास्ते राज्य से भागने की फिराक में था।

3 नवंबर से 6 नवंबर तक क्या हुआ?

3 नवंबर दोपहर – 12 साल की बच्ची साइकिल से घर की ओर निकली, फिर लापता हो गई
6 नवंबर – कुलिक नदी के पास एक जंगल से बच्ची का शव मिला
 परिवार का आरोप – रेप के बाद हत्या की गई
इसके बाद 4 दिन से पुलिस रॉय की तलाश कर रही थी

मंत्री शंकर घोष की प्रतिक्रिया

राज्यमंत्री शंकर घोष बोले – “पिछली सरकार के समय महिलाओं के खिलाफ कई मामले देखे, अत्याचार हुआ, बेरहमी से हत्या हुई, कुछ नहीं हुआ। इस बार सरकार ने महिलाओं के खिलाफ क्राइम को लेकर बड़ा कदम उठाया है।”

“एनकाउंटर की परिस्थितियों का पहले आकलन किया जाना चाहिए, उसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंच सकेंगे। इस मामले की जांच होना अनिवार्य है।”