18 साल हो गए, लेकिन 26 नवंबर 2008 की वो रात आज भी नहीं भूलती। पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए लश्कर के 10 आतंकियों ने मुंबई को दहला दिया था। उस हमले में 166 लोगों की जान गई थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
गुरुवार को पूरे देश ने उन निर्दोष लोगों और बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने आतंकियों से लड़ते हुए जान दे दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों का साहस देश की सबसे बड़ी ताकत है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दोहराया कि आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लेकिन श्रद्धांजलि के साथ ही दिल्ली की सियासत भी गरमा गई। बीजेपी ने कांग्रेस के दौर की नीतियों को कठघरे में खड़ा कर दिया। पार्टी का आरोप है कि हमले के बाद यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर दबाव बनाने के बजाय नरमी दिखाई।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने तीन मुद्दे उठाए – पाकिस्तान पर कार्रवाई न होना, हमले को आरएसएस से जोड़ने वाला नैरेटिव और हमले के बाद राहुल गांधी की कथित पार्टी। बीजेपी का कहना है कि यही वोट बैंक की राजनीति देश की सुरक्षा पर भारी पड़ी।

