UP में दल-बदल तेज हो गया है।
बुधवार को सपा को पूर्वांचल और बुंदेलखंड में बड़ा झटका लगा।
बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी और बांदा के पूर्व CBI अधिकारी व सपा नेता अनिल यादव BJP में शामिल हो गए।
लखनऊ BJP मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और ज्वाइनिंग कमेटी अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने पटका पहनाया।
मौके पर स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह (लोधी) और दयाशंकर सिंह मौजूद रहे।
काफिले के साथ पहुंचे अरविंद
अरविंद चौधरी सुबह समर्थकों के बड़े काफिले के साथ बस्ती से लखनऊ पहुंचे।
यही ज्वाइनिंग सपा के लिए बड़ी सेंधमारी मानी जा रही है।
क्यों? क्योंकि अरविंद, बस्ती के मौजूदा सपा सांसद और दिग्गज कुर्मी नेता राम प्रसाद चौधरी के भतीजे हैं।
अरविंद – 2009 से 2014 तक BSP से बस्ती सांसद, 2009 में सपा के राजकिशोर सिंह को हराया
चाचा राम प्रसाद – 2024 में BJP के हरीश द्विवेदी को हराकर बस्ती से सपा सांसद बने
अब चाचा सपा में, भतीजा BJP में।
BJP की नजर कुर्मी वोट बैंक पर
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक BJP की रणनीति साफ है – अयोध्या, देवीपाटन और गोरखपुर मंडल के कुर्मी वोट बैंक को साधना।
UP में OBC में यादवों के बाद कुर्मी दूसरा सबसे बड़ा वोट बैंक है।
करीब 50-60 विधानसभा सीटों पर सीधा प्रभाव है।
बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महराजगंज, मिर्जापुर, सोनभद्र में कुर्मी वोटर निर्णायक हैं।
2024 का बदला लेगी BJP?
2024 लोकसभा में BJP पूर्वांचल की कई कुर्मी बहुल सीटों पर हारी थी।
माना गया कि कुर्मी वोट सपा की तरफ झुक गया था।
अब 2027 से पहले सपा सांसद के परिवार में सेंधमारी करके BJP 2024 के नुकसान की भरपाई करना चाहती है।
बस्ती के आसपास के मंडलों में अरविंद की अपने समाज में मजबूत पकड़ मानी जाती है।
कप्तानगंज से लड़ेंगे अरविंद?
सियासी गलियारों में चर्चा है कि BJP अरविंद को बस्ती की कप्तानगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है।
अगर ऐसा हुआ तो मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा।
हालांकि टिकट को लेकर BJP या अरविंद की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

