सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का एक ऐसा पल जब लालू यादव के कारण कांग्रेस में ही फूट पड़ गई थी।
दिल्ली की CWC बैठक से लेकर पटना के विधायकों तक, हर जगह घमासान मचा था।
2000 का चुनाव – किसी को बहुमत नहीं
चुनाव – 12 और 17 फरवरी 2000
मुख्यमंत्री – राबड़ी देवी
कांग्रेस ने चुनाव लड़ा – राजद के जंगल राज के खिलाफ
396 बूथों पर दोबारा वोट – 24 फरवरी
नतीजे – 26 फरवरी, किसी को बहुमत नहीं
राबड़ी का इस्तीफा – 1 मार्च
324 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 163 चाहिए थे।
लालू यादव – 123
कांग्रेस – 23
NDA – 122
पहले नीतीश कुमार ने सरकार बनाई, लेकिन बहुमत साबित करने से पहले इस्तीफा दे दिया।
अब लालू को चाहिए था कांग्रेस का समर्थन
लालू को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के 23 और 19 निर्दलीय विधायकों का समर्थन चाहिए था। कांग्रेस समर्थन देती, तभी राबड़ी मुख्यमंत्री रह सकती थीं।
2 मार्च को CWC की बैठक हुई।
CWC में क्या हुआ?
बैठक में राजेश पायलट, जितेन्द्र प्रसाद, सुशील कुमार शिंदे ने लालू को समर्थन देने का विरोध कर दिया। तीखी बहस हुई।
राजेश पायलट बोले – कांग्रेस को जंगल राज का कभी समर्थन नहीं करना चाहिए। हमारे मेनिफेस्टो में है कि हम लालू के करप्ट शासन के खिलाफ जांच कमीशन बैठाएंगे। क्या समर्थन देने वालों ने घोषणा पत्र नहीं पढ़ा?
उन्होंने पूछा – अगर समर्थन देना ही था तो चुनाव प्रचार में मुझसे और सोनिया जी से लालू की बुराई क्यों कराई गई?
जितेन्द्र प्रसाद ने भी चुभते सवाल पूछे। सोनिया गांधी चुपचाप सब सुनती रहीं।
लालू के समर्थक कौन थे?
कहा जाता है सीताराम केसरी कांग्रेस में लालू के सबसे बड़े समर्थक थे। उनका कहना था – लालू को समर्थन देने से पिछड़े वर्ग में कांग्रेस को अच्छा संकेत जाएगा। माधव राव सिंधिया और गुलाम नबी आजाद भी उनके साथ थे।
लालू, सोनिया से समर्थन के लिए दौड़ते रहे। सोनिया खामोश रहीं, मिलना भी नहीं चाहती थीं। काफी मशक्कत के बाद सहमति मिली।
विधायकों में रोष
आलाकमान ने समर्थन दिया तो बिहार के कांग्रेस विधायकों में रोष फैल गया।
आलाकमान ने 23 विधायकों को दिल्ली बुलाया, 6 मार्च की फ्लाइट के टिकट भेजे। सिर्फ 9 ने आने की सूचना दी। बाकी 14 दौरे के बहाने क्षेत्र में निकल गए।
वरिष्ठ विधायक बागुन सुम्ब्रई बोले – दिल्ली जाने की क्या जरूरत है, जो करेंगे यहीं करेंगे।
हल्ला उड़ गया – 23 में से 14 विधायक टूटकर NDA में जा रहे हैं। सोनिया और लालू दोनों डर गए कि कहीं नीतीश को बहुमत न मिल जाए।
शहाबुद्दीन का पहरा?
10 मार्च को नीतीश को बहुमत साबित करना था। इससे पहले राजद ने कांग्रेस के 23 विधायकों को पटना के एक होटल में ठहरा दिया।
आरोप लगा कि शहाबुद्दीन के हथियारबंद समर्थकों ने विधायकों पर पहरा लगा दिया। किसी को होटल छोड़ने की इजाजत नहीं थी।
कड़ी निगरानी के कारण विधायक नहीं टूट पाए। 10 मार्च को विश्वास मत से पहले ही नीतीश ने इस्तीफा दे दिया। राबड़ी देवी फिर मुख्यमंत्री बनीं।

