मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की हल्दी रस्म का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में हल्दी के जश्न के दौरान जमकर नोट उड़ते नजर आ रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा मंच पर डांस कर रही एक महिला कलाकार के विनम्र इनकार की हो रही है।
दरअसल शिवांगी सिंह की हल्दी रस्म के दौरान डांस कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। समारोह में कुछ लोग कलाकारों पर नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं। समारोह में अनंत सिंह की मौजूदगी में भी लोग नोट उड़ाते रहे, लेकिन मंच पर डांस कर रहीं कलाकार अपने प्रदर्शन में व्यस्त दिखीं। इसी दौरान एक व्यक्ति कुछ नोट लेकर कलाकार के पास पहुंचा और उन्हें नोट देने की कोशिश की, लेकिन कलाकार ने हाथ जोड़कर नोट लेने से इनकार कर दिया।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इससे पहले उनकी हल्दी रस्म को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जश्न का माहौल दिख रहा है। संगीत कार्यक्रम में गाना गा रहे कलाकारों पर मेहमान नोटों की बारिश कर रहे हैं। मंच के आसपास और जमीन पर नोट बिखर गए, लेकिन मंच पर डांस कर रहीं कलाकार अपने बेहतर प्रदर्शन में व्यस्त हैं।
वीडियो फुटेज के अनुसार मंच के सामने विधायक अनंत सिंह और परिवार के सदस्यों के साथ अन्य मेहमान और समर्थक बैठे हुए हैं। अनंत सिंह के पीछे बैठे एक व्यक्ति की ओर से नोटों की बारिश की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति जमीन के कुछ नोट उठाकर मंच पर मौजूद महिला कलाकार को देने की कोशिश करता है, लेकिन वो हाथ जोड़कर विनम्रता के साथ नोट लेने से मना कर देती हैं।
शादी समारोह की तैयारियों को चक्रवाती तूफान का असर खत्म हो जाने के बाद अंतिम रूप दिया जा रहा है। अनंत सिंह के परिजनों का कहना है कि इस शादी समारोह में करीब चार लाख मेहमानों के आने की उम्मीद है। शादी समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत विभिन्न दलों के नेताओं और फिल्मी कलाकारों के आने की संभावना है।

