उत्तर प्रदेश फतह करने की तैयारियों में जुटी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को बिहार से बड़ा झटका लगा है। पार्टी के बिहार अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान अपने विवादित बयान को लेकर बुरी तरह घिर गए हैं। सफाई देने के चक्कर में उन्होंने ऐसी बात कह दी, जिससे उनकी फजीहत और बढ़ गई।
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब अख्तरुल ईमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वो एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए मुस्लिम दुल्हनों के बिना घूंघट बैठने और पुरुषों द्वारा उन्हें घूरने पर नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि पुरुषों में शर्म नाम की कोई चीज नहीं बची है और इस तरह का खुला मेलजोल पशुओं के व्यवहार के समान है।
जब पूरे विवाद पर सफाई देने आए तो अख्तरुल ईमान ने जवान बेटियों के लिए ‘माल’ जैसे शब्द का इस्तेमाल कर दिया। इस टिप्पणी के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना शुरू हो गई। उनके इस बयान और उसके बाद दी गई सफाई ने पार्टी और स्वयं विधायक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सफाई देने के लिए मीडिया के सामने आए एआईएमआईएम विधायक ने बेटियों की तुलना कीमती माल से कर दी। उन्होंने कहा कि जब वह बीए में थे, उस वक्त उन्होंने मुंशी प्रेमचंद का उपन्यास निर्मला पढ़ा था। वह बड़ा सख्त दिल आदमी हैं, लेकिन निर्मला पढ़कर रो दिए थे कि निर्मला जैसी बेटी को दहेज की प्रताड़ना में क्या-क्या झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह दहेज विरोधी रहे हैं, अपनी शादी में और अपने भाइयों की शादी में दहेज नहीं लिया। वह शादी समारोह को सीधा-साधा करना चाहते हैं। पैगंबर ने कहा है कि शादियों को आसान करो।
उन्होंने कहा कि हर धर्म की अपनी मान्यताएं हैं। सनातन धर्म की कुछ मान्यताएं हैं, ईसाई धर्म की कुछ मान्यताएं हैं। हम उनके धर्म पर कोई बात नहीं कर सकते, लेकिन मेरे धर्म का जो ज्ञान हमको है, हम उस पर बात करते हैं। हमारी सनातन बहनें माथे में सिंदूर लगाती हैं, उनके सिंदूर को कोई मिटाए तो आप लड़ जाएंगे। हमारे आलिम के सर से कोई टोपी उछाले तो हम लड़ जाएंगे। जिस तरह आलिम के सर पर टोपी है, उससे भी ज्यादा अनिवार्य है कि हमारी बेटियां पर्दे में रहें, तो हमारे यहां पर्दा लाजिम है, फर्ज है।
एआईएमआईएम विधायक ने आगे कहा कि जवान बेटियां हों तो उनका पर्दा और ज्यादा जरूरी है। जिस तरह से कीमती माल को आप संदूक में रखते हैं, लॉकर में रखते हैं, ठीक उसी तरह से, क्योंकि समाज में बुराई इसी तरह फैलती है कि बगैर कैद-ओ-बंद के औरत-मर्द मिलता-जुलता रहे। इस्लाम ने कुछ मान्यताएं बताई हैं, उन्हीं के आधार पर उन्होंने धार्मिक विद्वानों से जो सीखा है, वही बात कही है।
उन्होंने कहा कि जैसे बच्चे को नींद से उठाने के लिए आप बाबू-बाबू कहते हैं और कभी नहीं उठता तो थप्पड़ मार देते हैं, तो उन्होंने थप्पड़ मारा कि जरा उठो। तुम्हारी बेटियों से सट के कोई फोटो ले रहा है, तुम्हारी बहन से कोई सट के फोटो ले रहा है, तुमको शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने उन लोगों के लिए कहा है, जो इस्लामी शरीयत को मानते हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग डांसर के साथ जाते हैं, डांस करते हैं, जिसकी बेटियां किसी के साथ डांस करती हैं, जिसकी बीवी किसी के साथ जाकर डांस करती है, उसको कोई दिक्कत नहीं है, तो ऐसे भाइयों के लिए वह कुछ नहीं कह सकते। वह तो सीधे-साधे मुसलमानों के लिए कहते हैं कि जो शरीयत ने वाजिब किया है, उसे उलेमा से जाकर पूछ लीजिए। उनके उलेमा ने कहा है कि तुमने सही बात बोला है, लेकिन सख्त बोला है।
पूरे मामले पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि ये अफसोसजनक है कि एक विधायक उन प्रतिगामी मौलानाओं की तरह बयान दे रहे हैं, जो महिलाओं को अपमानित करने वाली और उनके अधिकारों का हनन करने वाली बातें करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी महिलाएं शिक्षित हो रही हैं और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यदि उन्हें शरिया की इतनी ही चिंता है तो उन्हें अफगानिस्तान जाकर रहना चाहिये.

