‘नीतीश ने तीन बार बोला था सिर्फ एक शब्द – सुशासन’ – आज बिहार में JDU का सुशासन दिवस, हर जिले में होगा नीतीश संवाद

बिहार में आज 24 नवंबर को जदयू सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस दिन की खास वजह है 24 नवंबर 2005, जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी। उसी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पार्टी की ओर से राज्य भर में सुशासन दिवस मनाया जा रहा है।

 

जदयू के वरिष्ठ नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2005 में आतंक राज के खिलाफ बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को प्रचंड जनादेश दिया था। इसी को लेकर पार्टी की ओर से राज्य भर में आज सुशासन दिवस मनाने का फैसला लिया गया है।

 

नीरज कुमार ने पुरानी बातों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2005 में जब बिहार की जनता की ओर से नीतीश कुमार को प्रचंड जनादेश दिया गया, तो नीतीश कुमार से पत्रकारों ने पूछा कि उनकी प्राथमिकता क्या है? तो नीतीश कुमार ने तीन बार एक ही शब्द बोला था, ‘सुशासन’।

 

जदयू एमएलसी ने कहा कि आज बिहार में सुशासन का एहसास बिहार की आम जनता को है। जदयू ने 24 नवंबर को हर वर्ष सुशासन दिवस मनाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा न कोई था, न कोई है, न कोई होगा। नीतीश कुमार ने सामाजिक बदलाव की पटकथा लिखी है, आज पूरे बिहार में और भविष्य में भी हर वर्ष 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाया जाएगा। यह हमारी पार्टी जदयू का पॉलिटिकल एजेंडा है।

 

जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से सुशासन दिवस पर राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले वर्षों के दौरान बिहार में हुए विकास कार्यों, सामाजिक बदलावों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *