पटना हाईकोर्ट जाने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक को लेकर एक बड़ा बदलाव हुआ है। वीरचंद पटेल पथ पर अब पहले जैसी आवाजाही नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने इस सड़क पर दिन के समय वन-वे सिस्टम लागू कर दिया है। यह सिस्टम सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इस इलाके में रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। हाईकोर्ट, राजनीतिक दलों के कार्यालय, स्कूल और होटल होने की वजह से यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। इसी समस्या को कम करने के लिए प्रशासन ने नया प्लान बनाया है।
नई व्यवस्था को आसान भाषा में समझिए –
अगर आपको हाईकोर्ट के गेट नंबर 5 की तरफ जाना है, तो आप वीरचंद पटेल पथ से वीआईपी पोस्ट नंबर 27 के सामने वाले रास्ते से प्रवेश कर सकेंगे। यही रास्ता अब एंट्री के लिए तय किया गया है।
अगर आप मिलर हाई स्कूल की तरफ से आ रहे हैं और गेट नंबर 4 की तरफ जाना चाहते हैं, तो अब वहां प्रवेश नहीं मिलेगा। इस रास्ते पर रोक लगा दी गई है।
इसी तरह गेट नंबर 4 से गेट नंबर 5 की तरफ जाने वाले वाहनों पर भी पाबंदी रहेगी। आप इस दिशा में वाहन नहीं ले जा सकेंगे।
गेट नंबर 5 से वीआईपी पोस्ट नंबर 27 की तरफ निकलने पर भी रोक है। यानी वापसी के लिए भी आपको तय किए गए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना होगा।
राहत की बात यह है कि एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियों पर यह नियम लागू नहीं होगा। इमरजेंसी वाहनों को पहले की तरह ही आवाजाही की छूट मिलेगी।
प्रशासन का कहना है कि अगर वाहन चालक इन नए नियमों का पालन करेंगे, तो इस व्यस्त सड़क पर जाम काफी हद तक कम हो जाएगा। इसलिए घर से निकलने से पहले रूट जरूर चेक कर लें।

