सरेंडर से पहले पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक बार फिर पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश बताया है। वो सहरसा के अपने पैतृक गांव पंचगछिया पहुंचे थे, जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
समर्थकों ने नारे लगाए – जेल का फाटक टूटेगा, आनंद मोहन छूटेगा।
वहीं आनंद मोहन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें शुरुआत से ही इस मामले में निशाना बनाया गया। उनकी बढ़ती लोकप्रियता ही उनकी सबसे बड़ी दुश्मन बन गई।
उन्होंने कहा कि मुकदमे में कई गंभीर गड़बड़ियां हुईं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उनका पक्ष ठीक से सुना नहीं गया।
फिर भी उन्होंने कहा – जो भी फैसला आया है, मैं पूरी विनम्रता और शालीनता से इसे स्वीकार करता हूं। लेकिन मेरा मानना है कि हमारे पक्ष को शुरू से ही नजरअंदाज किया जाता रहा है।
आनंद मोहन ने तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड को लेकर अपने सवाल रखे।
सवाल 1 – 67 KM की दूरी 12 मिनट में कैसे?
आनंद मोहन के मुताबिक, FIR में घटना का समय दोपहर 3 बजकर 15 मिनट दर्ज है। जबकि उनकी गिरफ्तारी घटनास्थल से करीब 67 किलोमीटर दूर हाजीपुर के एक रेलवे क्रॉसिंग पर दोपहर 3 बजकर 28 मिनट पर हुई थी। मतलब सिर्फ 12 मिनट 30 सेकंड का फर्क।
उन्होंने पूछा कि महज 12 मिनट 30 सेकंड में 67 किलोमीटर की दूरी कैसे तय की जा सकती है? उस समय सड़कें भी खराब थीं और जगह-जगह गड्ढे थे। उन्होंने कहा कि इतनी दूरी हेलीकॉप्टर से भी तय करना मुश्किल था, क्योंकि हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने और उतरने में ही करीब 10 मिनट लग जाते हैं।
सवाल 2 – 115 जवान थे, फिर भी क्या हुआ?
आनंद मोहन ने बताया कि घटनास्थल पर करीब 115 सशस्त्र जवान मौजूद थे। इसके अलावा मुजफ्फरपुर पूर्वी और पश्चिमी के दो एसडीओ, दो डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी वहां तैनात थे। डीएम के साथ पहले से ही बॉडीगार्ड और चालक मौजूद थे।
सवाल 3 – मौके से एक भी गिरफ्तारी क्यों नहीं?
उन्होंने कहा कि जब घटनास्थल पर इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे, तो वहां से एक भी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? इस मामले में करीब साढ़े तीन हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि भीड़ ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर जी. कृष्णैया की हत्या कर दी थी। वहीं, 37 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था।
सवाल 4 – मेरा पक्ष क्यों नहीं सुना गया?
आनंद मोहन ने कहा कि मुकदमे में कई गंभीर गड़बड़ियां हुईं, लेकिन किसी ने उन पर ध्यान नहीं दिया और न ही उनका पक्ष ठीक से सुना गया।
सवाल 5 – क्या लोकप्रियता ही दुश्मन बन गई?
उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही उन्हें निशाना बनाया गया और उनकी बढ़ती लोकप्रियता ही उनकी सबसे बड़ी दुश्मन बन गई।
अंत में आनंद मोहन ने कहा कि वो न्यायिक फैसले को स्वीकार करते हैं, लेकिन जांच और घटनाक्रम को लेकर उनकी आपत्तियां अभी भी कायम हैं।

