उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गलियारों में एक रिश्ते की खूब चर्चा हो रही है। दो अलग-अलग दलों से जुड़े दो बड़े राजनीतिक परिवार अब एक रिश्ते में बंध गए हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प शंकर तिवारी की सगाई प्रयागराज के भाजपा नेता उदयभान करवरिया की बेटी साक्षी से हुई है।
इस सगाई को दोनों परिवारों ने बेहद गोपनीय रखा। देहरादून में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में दोनों ने सगाई की। बताया जा रहा है कि शादी का कार्यक्रम विधानसभा चुनाव के बाद होगा।
विनय शंकर तिवारी सपा के बड़े ब्राह्मण चेहरे माने जाते हैं और चिल्लूपार से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। उनके पिता स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी को पूर्वांचल का बड़ा बाहुबली और ब्राह्मण नेता माना जाता था। गोरखपुर में धर्मशाला स्थित उनका आवास आज भी तिवारी हाता के नाम से मशहूर है।
दूसरी तरफ उदयभान करवरिया प्रयागराज की मेजा विधानसभा सीट से तैयारी कर रहे हैं। वो 2002 और 2007 में भाजपा के विधायक रहे हैं। हाल ही में राज्यपाल द्वारा सजा माफ किए जाने के बाद वो जेल से छूटे हैं। 12 नवंबर को रामपुर करछना में उन्होंने बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी किया था और मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी।
दिलचस्प बात ये है कि 18 नवंबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जब गोरखपुर पहुंचे, तो वो तिवारी हाता भी गए थे। वहां उन्होंने करीब 1 घंटे बिताया और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला था।

