अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा कुंभ से ज्यादा हुजूम, 25 बीघे में पंडाल, 4 लाख का भोज, 30 लाख गुलाब जामुन, घुड़दौड़ में थार जीतने के लिए मची होड़, टावर पर चढ़कर देखा लोगों ने नजारा

 

बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। मोकामा के नदवां स्थित उनके पैतृक गांव में शादी को लेकर ऐसा माहौल बना है कि बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शादी से पहले आयोजित घुड़दौड़ देखने के लिए भी भारी भीड़ जुटी। वहीं, शादी के भोज में भी लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

शादी की तैयारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर हो रही है। अनंत सिंह ने दावा किया है कि शादी में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं और करीब 500 हलवाई व कारीगर खाना बनाने में जुटे हैं। भोजन परोसने के लिए 30 स्टॉल भी तैयार किए गए हैं।

घुड़दौड़ देखने टावर पर चढ़े लोग

शिवांगी की शादी से पहले नदवां गांव में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। दावा किया जा रहा है कि घुड़दौड़ देखने के लिए एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटी थी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को जहां जगह मिली, वहीं से प्रतियोगिता देखने लगे। कई लोग तो बिजली के टावर पर चढ़कर घुड़दौड़ का नजारा देखते नजर आए।

इस दौरान अनंत सिंह भी मंच पर मौजूद रहे। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले को थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी देने की घोषणा की गई थी।

4 लाख लोगों का भोज, 30 लाख गुलाब जामुन

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को ऋषिकेश कुमार के साथ हो रही है। करीब 25 बीघे में पंडाल बनाया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग इंतजाम है, जबकि आम लोगों के भोजन के लिए भी बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है।

शादी के भोज में मिठाइयों की भी लंबी तैयारी है। मेहमानों के लिए रसगुल्ला, गुलाब जामुन और लालमोहन समेत कई तरह की मिठाइयां बनाई जा रही हैं। दावा किया जा रहा है कि भोज के लिए 30 लाख से अधिक गुलाब जामुन तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी हलवाई और कारीगर बुलाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *