यश माहेश्वरी की बढ़ी मुश्किलें, बिहार महिला आयोग ने जारी किया नोटिस, FIR भी दर्ज, छठ में सिंदूर पर टिप्पणी पड़ी भारी, माफी मांगने के बाद भी नहीं मिली राहत

बिहार की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी मामले में महिला आयोग सख्त हो गया है। बिहार राज्य महिला आयोग ने यूट्यूब चैनल @Almostyash पर की गई टिप्पणी को गंभीरता से लेते हुए यश माहेश्वरी के खिलाफ नोटिस जारी किया है। आयोग ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है।

महिला आयोग ने पूरे मामले को महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़ा विषय माना है। आयोग का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध इस तरह की अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मामला छठ पूजा के दौरान महिलाओं के सिंदूर और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी विरोध शुरू हो गया था।

पटना साइबर थाने में पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है। इस मामले में पटना साइबर थाने में 24 नवंबर को कांड संख्या 1550/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत केस दर्ज किया है। पटना पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।

यश माहेश्वरी ने जारी किया माफीनामा। विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि उनका किसी की धार्मिक भावनाओं या छठ पर्व मनाने वालों को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *