पटना। बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी को एनडीए गठबंधन का नेता चुने जाने के बाद राज्य में सत्ता का एक नया युग शुरू हुआ। यह दीगर है कि भारतीय जनता पार्टी के सत्तासीन होने के कार्यकाल का शुभारंभ 15 अप्रैल 2026 को हुआ जब गठबंधन दल के नेता सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लिया।
इसके साथ ही बिहार के राजनीतिक इतिहास में सत्ता के एक नए युग की शुरुआत हुई। पर एक धमक के साथ बिहार में बीजेपी की ड्राइविंग सीट का पहला इफेक्ट जो साफ-साफ दिखा वो है नीतीश सेतु का उद्घाटन काल। और लव कुश के एक विशाल फलक का मास्टर स्ट्रोक मान सकते हैं। यह दीगर है कि विपक्ष इस बात पर आमादा है कि यह जदयू को साइडलाइन करने की तैयारी है। पर बीजेपी की सुने तो यह अपने साथी दल को, उनके नेता को सम्मान देने का अपना और अनूठा तरीका है।
गठबंधन धर्म के साथ साथ भारतीय जनता पार्टी की राजनीति के जो तौर तरीके हैं उनको हाजिर नजीर करूं तो गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरितमानस के सुन्दरकाण्ड की एक प्रसिद्ध चौपाई याद आती है- जस जस सुरसा बदनु बढ़ावा। तासु दून कपि रूप देखावा॥
सवाल यह नहीं है कि राज्य सरकार और एडीबी बैंक के सहयोग से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला नीतीश सेतु का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रहते या फिर विकास के नायक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रहते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस सेतु के उद्घाटन में बुलाया गया है तो ये सुरसा बदन बढ़ावा की तरह बीजेपी भी अपना विशाल स्वरूप दिखा रही है। सत्ता के शीर्ष पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उद्घाटन कराने के पीछे सिर्फ बिहार ही नहीं है बल्कि पड़ोस का राज्य उत्तरप्रदेश भी है जिसका सांस्कृतिक और सामाजिक फलक कमोवेश एक-सा है।
नीतीश सेतु से बीजेपी अपने राजनीतिक वैभव का प्रदर्शन कर रही हो इस से इनकार नहीं किया जा सकता। पर इस बात की भी स्वीकार्यता मिल रही है ये नीतीश सेतु संस्कृत आदान प्रदान, व्यापारिक आदान प्रदान, औद्योगिक मजबूती और पर्यटन की समृद्धि का भी द्वार खोलते दिख रही है। लेकिन ये सब तर्क भविष्य के गर्भ में है कि नीतीश सेतु से शुरू हुई विकास के कई आयाम को आप साधते कैसे हैं? इस उद्घाटन सत्र के बाद नए क्या क्या ऐसे आयाम सामने आने वाले हैं जो बिहार को विकसित बिहार की ओर ले जाता चंद कदम का गवाह बनती है या नहीं।
नीतीश सेतु के उद्घाटन सत्र के मुख्य मंच पर लगे पोस्टर या फिर अखबारों में छपे विज्ञापन की तस्वीर को लेकर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप लगे जरूर रहे हैं। इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर लगी हुई है। इस तस्वीर पर राजद को घोर आपत्ति है। वो इसे नीतीश कुमार के अपमान से जोड़ती है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रख देना साफ दिखाता है कि उन्हें राजनीतिक तौर पर खत्म कर दिया गया है। आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि अजीब विडंबना है कि जिस आदमी के नाम पर पुल का उद्घाटन होना है, नीतीश कुमार की न तो सरकारी विज्ञापन में तस्वीर है और न ही जहां रैली हो रही है, वहां उनकी कोई तस्वीर है।
बीजेपी का कहना है कि पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखना ही नीतीश कुमार के प्रति सबसे बड़ा सम्मान है। यह सेतु नीतीश कुमार के दो दशकों में किए गए विकास कार्यों और सुशासन की मिसाल कायम करने की याद दिलाता है, जहां तक तस्वीर लगने या नहीं लगना कार्यक्रम के प्रोटोकॉल और स्वरूप पर भी निर्भर करता है। दरअसल यह विकास की राजनीति से ध्यान भटकाने के लिए तस्वीरों की राजनीति से जनता दल यू को भड़काने की कोशिश कर रही है।

