बिहार की राजनीति में इन दिनों सबसे बड़ा खेल एनडीए के भीतर फूट डालने और महागठबंधन की नींव फिर से रखने का चल रहा है। विपक्ष ने जब से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर देना शुरू किया है, तब से बीजेपी के रणनीतिकार नीतीश कुमार के प्रति और ज्यादा सरोकार दिखाने लगे हैं। विपक्ष की रणनीति साफ है कि किसी न किसी बहाने बीजेपी और जदयू के बीच खटास पैदा की जाए और राज्य में एक बार फिर महागठबंधन की सरकार बनाने का रास्ता खोला जाए।
लेकिन बीजेपी के रणनीतिकारों ने इस खेल को समझते हुए नीतीश सेतु को एनडीए के साथी दलों के लिए फेविकोल जोड़ के रूप में सामने रख दिया और विपक्ष की मंशा को धराशाई कर दिया। पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई मसले आए, जब राजद ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और जदयू की तरफदारी की, ताकि दोनों दलों के बीच दूरियां बढ़ाई जा सकें।
पहला बड़ा मौका धक्का प्रकरण बना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को धक्का देने की घटना पर राजद की ओर से बयानों की बौछार आ गई। राजद नेताओं ने इसे सीधे नीतीश कुमार और जेडीयू के अपमान से जोड़ दिया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आशंका जताई कि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री पद भी नहीं दिया जाएगा, जबकि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उन्हें ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था।
लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस घटना को वरिष्ठ जेडीयू नेता और कैबिनेट मंत्री के अपमान का ताजा उदाहरण बताया और आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर जेडीयू नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ दुर्व्यवहार कर रही है। राजद नेता शक्ति यादव ने कहा कि यह तो होना ही था और भाजपा नीतीश कुमार और उनके परिवार का अपमान कर उन्हें किनारे लगा रही है।
दूसरा मौका निर्दलीय एमएलसी का प्रसंग बना। विपक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने गठबंधन धर्म तोड़ा है और जदयू के उम्मीदवार को हराने के लिए भीतरघात किया है। राजद का कहना था कि बीजेपी ने अपने ही सहयोगी दल जदयू के प्रत्याशियों को हराने वाले निर्दलीयों को साथ लेकर सहयोगी दल को कमजोर करने की कोशिश की है। आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने आरोप लगाया कि दोनों निर्दलीय एमएलसी सारण शिक्षक क्षेत्र से डॉ. राहुल राज और तिरहुत स्नातक क्षेत्र से बंशीधर ब्रजवासी बीजेपी में शामिल हुए हैं, जो संविधान की दसवीं अनुसूची दल-बदल विरोधी कानून का उल्लंघन है। राजद ने विधान परिषद के कार्यकारी सभापति से दोनों सदस्यों की सदस्यता रद्द करने की मांग भी की।
लेकिन बीजेपी भी राजनीति करना जानती है। ऐन मौके पर बीजेपी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखकर नीतीश कुमार को सम्मान देकर पूरी बाजी पलट दी। राजद के लगातार हमलों के बीच बीजेपी सक्रिय हुई और मिशन डैमेज कंट्रोल शुरू किया। इसी के तहत 20 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके पटना स्थित आवास पर मुलाकात की। परोक्ष रूप से इस मुलाकात में वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियों और आमंत्रण पर चर्चा हुई, लेकिन अपरोक्ष रूप से धक्का प्रसंग पर विपक्ष की टिप्पणी को भी खारिज करने की कोशिश की गई। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक चली इस मुलाकात को ही मिशन डैमेज कंट्रोल बताया जा रहा है।
एमएलसी चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार को मदद करने के आरोप से घिरी भाजपा की परेशानियां बढ़ गई थीं और संकट गठबंधन धर्म पर आ चुका था। विपक्ष की ओर से महागठबंधन सरकार बनाने का प्रस्ताव आने लगा, तब बीजेपी के रणनीतिकारों ने मिशन डैमेज कंट्रोल को और तेज किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद एनडीए की बैठक बुलाई और मामले को तरजीह देकर सुलझाया। इसके बाद नीतीश कुमार के लिए भरपूर सम्मान की तैयारी की गई, ताकि गठबंधन धर्म निभाया जा सके। यहीं से मिशन सम्मान का आगाज हुआ और गंगा नदी पर बने तीसरे पुल का नाम नीतीश सेतु रखकर नीतीश कुमार के प्रति भरपूर सम्मान व्यक्त कर गठबंधन धर्म को मजबूत किया गया।
राजनीतिक जानकार के अनुसार बीजेपी और जदयू का एक नेचुरल गठबंधन है। जब-जब महागठबंधन सरकार से एनडीए की तरफ नीतीश कुमार का मूवमेंट हुआ, तब-तब उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की और अब तो कई बार कह चुके हैं कि अब उधर महागठबंधन की तरफ नहीं जाएंगे। लेकिन विपक्ष की राजनीति का अपना अंदाज है। समाजवाद के नाम पर या बीजेपी पर भीतरघात का आरोप लगाकर या यह आरोप लगाकर कि बीजेपी जदयू को तोड़-फोड़कर समाप्त कर देगी, विपक्ष सरकार में शामिल होने के लिए अवसर तलाश करता है। फिलहाल चाहे निशांत कुमार को धक्का मारने का प्रसंग हो या निर्दलीय उम्मीदवार को पार्टी में शामिल कराकर जदयू की पीठ में खंजर घोंपने का आरोप, मकसद सिर्फ बीजेपी से जदयू का मोहभंग कराना ही है।

