शेरपुर एनकाउंटर फर्जी था? माले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे – पुजारी बोले रात में गोली की आवाज ही नहीं सुनी, परिजन बोले सीने में 7 गोली पर टी-शर्ट में छेद नहीं – पुलिस बोली 18 गोली चलाई, शवों पर 30 गोली कैसे लगीं?

मनेर (पटना)। शेरपुर में तीन लोगों की पुलिस मुठभेड़ में मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

भाकपा-माले की पांच सदस्यीय जांच टीम ने 8 नवंबर को घटनास्थल और मृतकों के घरों का दौरा करने के बाद इसे फर्जी मुठभेड़ करार दिया है।

टीम ने कहा – घटनास्थल पर मुठभेड़ के कोई विश्वसनीय साक्ष्य नहीं मिले।

मृतकों की पहचान

जेपी यादव (42) – ताराचक, दानापुर
बबलू यादव (38) – कृषि फार्म, दानापुर / सूअरमरवा, मनेर
राजा शर्मा (20) – गंगहर, दानापुर

परिजनों की कहानी पुलिस की कहानी से अलग

बबलू के घर पर ताला लगा था। ग्रामीणों ने बताया – बबलू की मां का हाथ टूटा था, इलाज कराकर 5 नवंबर शाम 4 बजे घर लौटा था, फिर बाजार गया था। वो गलत काम करने वाला नहीं था।

जेपी के बड़े भाई रामाशीष ने बताया – जून में पड़ोस के बच्चों के विवाद में जेपी पर केस हुआ था। डर से वो रामगढ़ में बहन के यहां रह रहे थे। 7 नवंबर को दानापुर कोर्ट में जमानत के लिए 5 नवंबर को बस से चले थे। रात 10 बजे तक घर पहुंचने की बात कही थी। फोन बंद मिला। सुबह फेसबुक से एनकाउंटर की खबर मिली।

दानापुर सदर अस्पताल में भारी पुलिस थी। एंबुलेंस देखने गए तो पुलिस ने रोका, लाठीचार्ज किया।

परिजनों का सबसे बड़ा आरोप – जेपी के सीने में 7 गोलियां लगीं, लेकिन उनकी टी-शर्ट में गोली का एक भी छेद नहीं था।

जेपी का ससुराल गंगहर में था, राजा भी उसी गांव का था। टीम ने सवाल उठाया – दोनों गंगहर से शेरपुर कैसे पहुंचे?

मंदिर के पुजारी ने क्या कहा?

शेरपुर से 1 KM पश्चिम गंगा किनारे मंदिर के पास घटनास्थल है।

पुजारी बोले – “रात में गोली चलने की कोई आवाज नहीं सुनी। सुबह 5 बजे जागे तो भारी पुलिस बल था, एंबुलेंस जा रही थी।”

स्थानीय लोग बोले – कार्तिक में तड़के 3 बजे से महिलाएं गंगा स्नान को आती हैं, लेकिन पुलिस के भय से कोई खुलकर नहीं बोल रहा। अब पुलिस को देखकर सुरक्षा नहीं, भय लगता है।

घटनास्थल पर क्या मिला?

मंदिर से 100 गज दक्षिण, गंगा के पानी से 20-25 फीट पूरब 3 अलग-अलग जगहों पर खून के निशान मिले।

वहां ग्लव्स और गमछे का आधा टुकड़ा भी पड़ा था। टीम का दावा है – यही वो गमछा है जो पुलिस अधिकारी की बांह में बंधा दिखाया गया था।

खून से 10 मीटर पूरब ईंट-भट्ठे की मिट्टी का ढेर था। मोटर से पानी डालने के निशान भी मिले, जिससे खून के निशान साफ नहीं दिख रहे थे।

पुलिस के दावों में 3 बड़े विरोधाभास

1. पुलिस ने कहा – पुलिस ने 18, अपराधियों ने 24 गोलियां चलाईं। लेकिन तीनों शवों पर कुल करीब 30 गोलियां लगीं। बाकी गोलियां किसने चलाईं?
2. तीनों को गोलियां मुख्य रूप से सीने में ही क्यों लगीं? क्या तीनों स्थिर खड़े थे?
3. SP के वीडियो में कहा गया – गोली थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकली। फिर बांह में गमछा क्यों बंधा था? गमछे पर खून क्यों नहीं था? थानाध्यक्ष को अस्पताल क्यों नहीं जाना पड़ा? वे सामान्य ड्यूटी करते क्यों दिखे?

माले की मांग

टीम का निष्कर्ष है – प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि तीनों की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शेरपुर में मुठभेड़ का दृश्य तैयार किया गया।

माले की मांग है –

उच्चस्तरीय स्वतंत्र न्यायिक जांच हो
खून, गमछा, ग्लव्स की फॉरेंसिक जांच हो
पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी, बैलिस्टिक रिपोर्ट सार्वजनिक हो
जुड़े पुलिस अधिकारियों की निष्पक्ष जांच हो, जांच तक उन्हें अलग रखा जाए
परिजनों को मुआवजा और सुरक्षा मिले

माले ने कहा – मृतकों के खिलाफ मुकदमे अलग विषय हैं, लेकिन बिना कानून की प्रक्रिया के किसी को मारने का अधिकार पुलिस को नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *