जनता दल यू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा फरक्का जल संधि को चुनावी मुद्दा बनाते जा रहे हैं। शायद ही ऐसी कोई सभा या कार्यक्रम हो जिसने वे फरक्का जल संधि के नवीनीकरण को ले कर सवाल नहीं उठा रहे हैं। हैरतअंगेज तो यह है कि केंद्र में एनडीए की सरकार और बिहार में भी एनडीए की सरकार फिर इनकी मुश्किले कहां है?
संजय झा क्यों उठा रहे फरक्का जल संधि का मुद्दा। डबल इंजन की सरकार की दुहाई देते संजय झा थकते नहीं फिर भी उनके संबोधनों में आक्रामकता तो रहती है। लेकिन एक अनजाने असमंजस की स्थिति में भी वे होते हैं। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठने लगा है कि कहीं विशेष राज्य की दर्जा की राह पर तो नहीं चल रहा है फरक्का जल संधि नवीनीकरण का मुद्दा? सवाल तो यह भी उठने लगा कि विशेष राज्य की दर्जा की तरह जदयू का फरक्का जल संधि केवल चुनावी मुद्दा तो नहीं?
ज
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा न जाने कितनी बार यह दोहरा चुके हैं कि दिसंबर 1996 में फरक्का जल संधि करते समय बिहार के हितों की बलि चढ़ा दी गई थी। तब से बिहार नुकसान ही झेल रहा है। लेकिन अब जब फरक्का जल संधि का नवीनीकरण होगा तो बिहार अब अपनी सुध लेगा और वर्ष 2050 तक की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रख कर ही बिहार किसी नई व्यवस्था के प्रति हामी भरेगा।
संजय झा वादा भी कर रहे। संजय झा इसके साथ ही बिहार की जनता से यह वादा भी कर रहे हैं कि लीन पीरियड में 1500 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जो बाध्यता है, उसे भी समाप्त किया जाएगा। अब बिहार 1500 क्यूसेक पानी छोड़ खुद सूखे को आमंत्रण नहीं देगा।
फरक्का जल संधि से बिहार की दिक्कत समझिए। फरक्का जल संधि की शर्तों को पूरा करने के लिए बिहार को लीन पीरियड में 1500 क्यूसेक पानी छोड़ना पड़ता है। गंगा में सबसे अधिक जल बिहार की सहायक नदियों के माध्यम से ही पहुंचता है। ऐसे में बिहार के जल हितों को प्राथमिकता नहीं दी गई तो बिहार इस नवीनीकरण का विरोध करेगा।
यूपी की नदियां हो या नेपाल की, यहां तक की झारखंड की नदियां, सबका कैचमेंट एरिया बिहार ही है। इसलिए जब अत्याधिक पानी होता है, फरक्का बांध खोल दिया जाता है और बिहार बाढ़ त्रस्त हो जाता है। नेपाल के पहाड़ी इलाकों से होते हुए जो पानी आता है, वह गाद से भरा होता है। इस वजह से जमीन की गहराई लगातार कम होती जा रही है। नतीजा ये कि बाढ़ का पानी जो 2008 के पहले अक्सर दो तीन दिनों में लौट जाता है वह अब महीने से भी ज्यादा दिनों तक रह जाता है और फसलों को बरबाद कर देता है। सबसे बड़ी मुश्किल तो यह है कि जनवरी से मई तक जब गंगा और बिहार की नदियों में पानी कम होता है, तब भी समझौते के तहत बांग्लादेश को पानी देना पड़ता है। वह भी 1500 क्यूसेक पानी अनिवार्य रूप से। इससे बिहार में सूखे और पानी की कमी की स्थिति बनती है।
फरक्का जल संधि राजनीतिक मांग
वरिष्ठ पत्रकार कहते हैं कि जिस तरह से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नीतीश कुमार के लिए राजनीतिक मांग थी। उसी तरह से संजय झा की फरक्का जल संधि नवीनीकरण और बिहार का हित भी राजनीतिक मांग ही है। नीतीश कुमार जब बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग कर रहे थे, तब आर्थिक जानकार शैवाल गुप्ता ने साफ कहा था कि यह नहीं मिलने वाला है। ऐसा इसलिये कि बिहार विशेष दर्जा का क्राइटेरिया पूरा ही नहीं करता।
इसमें भी होना जाना कुछ नहीं
राजनीतिक जानकार कहते हैं कि ‘फरक्का जल संधि नवीनीकरण भी पेंच में उलझा हुआ है। यह सब जानते हैं कि फरक्का बांध तोड़ भी दिया जाए तो बिहार के लिए बाढ़ का रोकना असंभव है। फरक्का बांध एक अंतरराष्ट्रीय संधि है। पड़ोसी राज्य से संबंध बना कर रखना जरूरी है। पाकिस्तान से आपके संबंध ठीक नहीं हैं। कम से कम नेपाल और बंगलादेश से तो बना कर ही रखना है। होना कुछ नहीं है। बस, कहने के लिए कहा जा रहा है।’

