प्रशांत किशोर को अनंत सिंह का न्योता मिला है या नहीं, इसे लेकर सवाल और चर्चा दोनों है। हालांकि, इस बारे में न तो प्रशांत किशोर और ना ही अनंत सिंह का कोई बयान आया है। आज अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी है। कई नामचीन हस्तियों को न्योता दिया गया है। बिहार विधानसभा चुनाव में जिस दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी वो भी प्रशांत किशोर के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे। उसी मामले में अनंत सिंह जेल गए थे और अब फिर से जेल जाने की बारी है।
प्रशांत को अनंत का न्योता मिला की नहीं? मीडिया रिपोर्ट में इस लेकर न तो अनंत सिंह और ना ही प्रशांत किशोर ने इसे लेकर कोई सार्वजनिक बयान दिया है। हालांकि, कई बार अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की तारीफ की है। मगर, बेटी शिवांगी की शादी के न्योते को लेकर अनंत सिंह ने कुछ नहीं कहा है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह के समर्थन में सक्रियता दिखाई थी। उनके नामांकन और चुनाव प्रचार में साथ खड़े नजर आए थे।
इसके साथ ही प्रशांत किशोर के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन की वजह से अनंत सिंह को फजीहत झेलनी पड़ी। जेडीयू ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब अनंत सिंह की विधायकी पर भी खतरे की तलवार लटक रही है।
कई बार प्रशांत की तारीफ कर चुके हैं अनंत। अनंत सिंह ने मीडिया के दिए बयानों में कई बार प्रशांत किशोर की तारीफ की है। उन्होंने प्रशांत की तारीफ में कहा था कि बांस में ही बांस फूटता है, वो एक ईमानदार का बेटा है। पढ़ा-लिखा है तो अच्छा ही करेगा। हालांकि, प्रशांत किशोर ने अनंत सिंह के बयानों पर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि बिहार में बदलाव के लिए समाज का समर्थन जुड़ रहा है। अगर कोई समर्थन देता है तो उसमें कोई बड़ी बात नहीं है। अनंत सिंह जन सुराज में नहीं हैं और न ही वो उनके नेता हैं।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की आज शादी। दरअसल, अनंत सिंह की बेटी की शादी आज नदवां (बाढ़) में भव्य आयोजन के साथ होने जा रही है। समारोह को लेकर तैयारियां लगभग पूरी है। लाखों मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। बारात 151 गाड़ियों के काफिले के साथ आने की चर्चा है, जबकि मेहमानों के स्वागत के लिए शाही भोज और 150 पकवानों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के तहत घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन रखा गया है। वीवीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड बनाए गए हैं।

