साल 2020 के दिल्ली दंगा मामले में बुधवार 25 नवंबर को आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की अंतरिम याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। जेल में बंद उमर खालिद की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल और शरजील इमाम की तरफ से सिद्धार्थ दवे पेश हुए थे।
कपिल सिब्बल ने दलील देते हुए कहा कि उनका मुवक्किल पिछले 6 साल से हिरासत में है। सिब्बल ने मामले की सुनवाई जल्द करने का अनुरोध किया। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि कोर्ट तथ्यों से अवगत है। CJI सूर्यकांत ने कहा – हमने अपना होमवर्क कर लिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश से जुड़े गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। हालांकि, शीर्ष अदालत ने दोनों आरोपियों को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले मामले में प्रतिवादी पक्ष को सुनना जरूरी है।
ये याचिकाएं दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से हाल ही में जमानत देने से इनकार किए जाने के बाद दाखिल की गई हैं। सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत की मांग करते हुए कहा कि उनका मुवक्किल 6 साल से अधिक समय से जेल में बंद है। वहीं, शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने भी इसी तरह की दलील दी।
पीठ ने स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस का पक्ष सुने बिना अंतरिम राहत पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। सिब्बल ने जब अंतरिम राहत के सवाल पर अलग से सुनवाई की मांग की तो CJI ने कहा कि मुख्य मामला ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। पीठ ने प्रशासनिक स्तर पर CJI के समक्ष मामले को रखने का निर्देश भी दिया, ताकि तीन न्यायाधीशों की पीठ का गठन किया जा सके।
दरअसल, जनवरी 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें कथित बड़ी साजिश का ‘वैचारिक सूत्रधार’ बताया था। हालांकि, उसी मामले में 5 अन्य आरोपियों, जिनमें गुलफिशा फातिमा भी शामिल थीं, को जमानत दे दी गई थी। अदालत ने खालिद और इमाम को एक साल तक दोबारा जमानत याचिका दाखिल नहीं करने की शर्त लगाई थी।
जमानत के लिए क्या दी दलील? मौजूदा याचिकाओं में दोनों आरोपियों ने दलील दी है कि उनकी लंबी हिरासत को देखते हुए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए। उनका कहना है कि अभियोजन पक्ष के संरक्षित गवाहों की गवाही पांच जनवरी 2027 तक पूरी होना संभव नहीं है। इस मामले में कानूनी विवाद का एक प्रमुख आधार 2021 का केए नजीब फैसला है। तीन न्यायाधीशों की पीठ ने उसमें कहा था कि यूएपीए जैसे कठोर कानून के बावजूद लंबे समय तक हिरासत और मुकदमे में देरी जमानत देने का आधार हो सकती है।

