परिसीमन के बाद महिलाओं को कितनी सीटें मिलेंगी? संजय झा ने बताया JDU का प्लान, विपक्ष के विरोध पर उठाए सवाल

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर चल रही बहस के बीच जेडीयू ने अपना रुख साफ कर दिया है।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण एक-दूसरे के खिलाफ नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

संजय झा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछले 50 सालों में आबादी बहुत बढ़ गई है। एक सांसद के जिम्मे इतना बड़ा इलाका आ गया है कि वो हर गांव तक नहीं पहुंच पाता। इसीलिए परिसीमन जरूरी है।

उनका कहना है कि परिसीमन से सीटों की संख्या बढ़ेगी। अगर सीटें बढ़ती हैं तो महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी अपने आप बढ़ जाएंगी।

संजय झा ने बताया कि महिला आरक्षण के तहत एक-तिहाई सीटें पहले ही तय हैं। अब जब कुल सीटें करीब 50 प्रतिशत बढ़ेंगी, तो महिलाओं की संख्या भी उसी हिसाब से बढ़ेगी।

उन्होंने विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाया। संजय झा ने कहा कि विरोध करने वाले कोई ठोस तर्क नहीं दे रहे हैं। कुछ लोग तो चाहते ही नहीं कि आम घर की महिलाएं राजनीति में आएं।

संजय झा ने इशारों में कहा कि कुछ लोगों के लिए महिला आरक्षण का मतलब सिर्फ अपने परिवार की महिलाओं को आगे करना है। लेकिन जेडीयू की सोच इससे बिल्कुल अलग है।

उन्होंने नीतीश कुमार के कामों का जिक्र किया। कहा कि नीतीश कुमार ने 20 साल पहले ही बिहार में पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दे दिया था।

उस फैसले का नतीजा यह हुआ कि लाखों महिलाएं मुखिया, सरपंच और जिला परिषद सदस्य बनीं। आज वही महिलाएं बड़ी राजनीति के लिए तैयार हो रही हैं।

संजय झा का कहना है कि नीतीश कुमार ने सिर्फ आरक्षण नहीं दिया, बल्कि महिला नेतृत्व की पूरी पीढ़ी तैयार की है।

उन्होने कहा कि बिहार की महिलाएं अब पहले से ज्यादा जागरूक हैं। वे अपने वोट से फैसला करती हैं। वे यह भी समझती हैं कि कौन सी पार्टी सच में महिलाओं को मौका दे रही है और कौन सिर्फ बातें कर रहा है।

जेडीयू का मानना है कि महिला आरक्षण से आम घर की लड़कियों और महिलाओं के लिए राजनीति के दरवाजे खुलेंगे। यही असली महिला सशक्तिकरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *