17 फरवरी 2026 को अशोक चौधरी ने पटना के AN कॉलेज में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक के तौर पर योगदान दिया था।
उस समय किसी को नहीं पता था कि यह नौकरी महज 9 महीने में ही विवाद में फंसकर खत्म हो जाएगी।
नौकरी जॉइन करते ही उनकी नियुक्ति पर सवाल उठने लगे। सवाल दो थे – पहला, नियुक्ति की पात्रता को लेकर और दूसरा, लियन को लेकर.
लियन का मतलब आसान भाषा में समझिए। जब कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी में रहते हुए दूसरी जिम्मेदारी निभाता है, तो उसका पुराना पद सुरक्षित रखा जाता है। इसे ही लियन कहा जाता है।
अशोक चौधरी मंत्री और विधान परिषद सदस्य थे। उन्होंने कहा कि वो मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, इसलिए उन्हें अवैतनिक अवकाश दिया जाए और उनका प्रोफेसर वाला पद सुरक्षित रखा जाए।
लेकिन इसी बात पर पेंच फंस गया। क्या नियमों के हिसाब से वो इतने लंबे समय तक लियन पर रह सकते हैं? क्या उनकी नियुक्ति पूरी तरह नियमों के अनुसार हुई है?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोक भवन से भी इस मामले में सवाल पूछे गए। यूनिवर्सिटी में भी फाइलों पर चर्चा होने लगी।
जैसे-जैसे सवाल बढ़े, मामला राजनीतिक हो गया। विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि अशोक चौधरी ने इस्तीफा देकर अपनी गलती मान ली है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता पक्ष के लोग बिना चुनाव जीते भी लंबे समय तक मंत्री बने रहते हैं।
आखिरकार विवाद को बढ़ता देख अशोक चौधरी ने इस्तीफा दे दिया।
अब उन्होंने प्रोफेसर वाला पद छोड़ दिया है और पूरी तरह मंत्री की जिम्मेदारी पर ध्यान देंगे। लेकिन यह मामला बिहार की राजनीति में अभी कुछ दिन और चर्चा में रहेगा।

