बिहार में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा परिसीमन की हो रही है।
परिसीमन विधेयक 2026 कैबिनेट से पास हो चुका है। 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा में इसे पेश किया जाएगा।
कहा जा रहा है कि इसके बाद बिहार में लोकसभा सीटें 40 से बढ़कर 60 हो सकती हैं।
राजद इसका विरोध कर रहा है। राजद सांसद मनोज झा का कहना है कि सत्ता पक्ष अपने हिसाब से चुनावी सीमाएं तय करना चाहता है। यानी जहां उसे फायदा हो, वैसी सीमा बनाई जाएगी।
लेकिन सवाल यह है कि क्या सीमा बदल देने से ही कोई पार्टी जीत जाती है?
इतिहास इसका जवाब ना में देता है।
2002 वाला परिसीमन याद कीजिए
2002 में परिसीमन आयोग बना था। अध्यक्ष थे जस्टिस कुलदीप सिंह। उस वक्त केंद्र में वाजपेयी सरकार थी और बिहार में राबड़ी देवी की सरकार।
इस आयोग ने बिहार का नक्शा ही बदल दिया। बाढ़, बलिया, सहरसा, रोसड़ा जैसी सीटें खत्म हो गईं। पटना को तोड़कर दो नई सीटें बनाई गईं – पटना साहिब और पाटलिपुत्र।
जमुई, काराकाट, सुपौल, उजियारपुर भी इसी परिसीमन की देन हैं।
पाटलिपुत्र को समझा गया था राजद का गढ़
पाटलिपुत्र बनते ही इसे यादव बहुल सीट माना गया। मनेर, दानापुर, मसौढ़ी, पालीगंज, फुलवारी, विक्रम – इन इलाकों में यादव वोटर निर्णायक थे। करीब 4-5 लाख यादव वोटर इस सीट में आ गए थे।
लालू यादव को लगा कि यह सीट उनके लिए सेफ है। इसलिए 2009 में उन्होंने सारण के साथ-साथ पाटलिपुत्र से भी चुनाव लड़ा।
फिर क्या हुआ?
लालू यादव पाटलिपुत्र से हार गए। जदयू के रंजन यादव ने उन्हें हरा दिया।
कारण साफ था। यादव वोट एक जगह नहीं रहे। रंजन यादव खुद यादव थे, उन्होंने राजद के वोट काटे। कांग्रेस के विजय सिंह यादव ने भी 18 हजार वोट ले लिए। भाकपा माले 36 हजार से ज्यादा वोट ले गई।
यानी एक ही समाज के कई उम्मीदवार मैदान में थे और वोट बंट गया।
इस हार ने एक बात साफ कर दी – परिसीमन से सीट आपके अनुकूल बन सकती है, लेकिन जीत की गारंटी नहीं मिलती।
2024 में भी यही देखने को मिला। मीसा भारती तब जीतीं, जब कांग्रेस और माले दोनों ने उनका समर्थन किया। यानी गठबंधन और वोटों का एकजुट होना ज्यादा मायने रखता है।
इसलिए अब 2026 के परिसीमन पर भी यही सवाल है – क्या सीटें बढ़ने से किसी पार्टी को सीधा फायदा होगा, या फिर असली खेल वोटों के समीकरण और गठबंधन का होगा?

