JDU छोड़ने के बाद अनंत सिंह के पास बचे हैं कितने विकल्प? राजद, जनसुराज या BJP – जानिए कहां बन रही है बात

बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह की सियासत एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है.

शादी में भीड़ तो थी ही, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बात की ज्यादा चर्चा है कि शादी में कौन-कौन आया और कौन नहीं आया।

खासकर बीजेपी नेताओं की भारी मौजूदगी ने सबको चौंका दिया। इसी के बाद यह सवाल और तेज हो गया है कि अनंत सिंह का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा?

पहला विकल्प – राजद

राजद में अनंत सिंह कभी मजबूत नेता रहे हैं, लेकिन अब वहां हालात बदल गए हैं। राजद लगातार उन पर धोखा देने का आरोप लगा रहा है। ऐसे माहौल में राजद में वापसी आसान नहीं है।

राजद के रहते महागठबंधन में भी उनके लिए जगह बनना मुश्किल दिख रहा है।

दूसरा विकल्प – जनसुराज

अनंत सिंह ने चुनाव में जनसुराज के उम्मीदवार को समर्थन दिया था। लेकिन इसके बावजूद वो प्रशांत किशोर के साथ एक मंच पर नहीं दिखे।

इससे यह संकेत मिलता है कि जनसुराज की राजनीति और अनंत सिंह का अंदाज आपस में मेल नहीं खाता। इसलिए जनसुराज में भी उनका जाना पक्का नहीं माना जा रहा।

तीसरा विकल्प – बीजेपी

अब बचती है बीजेपी। और यहीं से सबसे मजबूत चर्चा शुरू होती है।

बेटी की शादी में बीजेपी के मंत्री, सांसद, विधायक बड़ी संख्या में पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष की मौजूदगी ने भी इस चर्चा को और हवा दे दी।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बीजेपी को भी अनंत सिंह जैसे नेता की जरूरत है। अनंत सिंह का समाज परंपरागत रूप से एनडीए के साथ माना जाता है। अगर अनंत सिंह बीजेपी में आते हैं तो मोकामा और आसपास के इलाके में बीजेपी को मजबूती मिलेगी।

वरिष्ठ विश्लेषक कहते हैं कि जेडीयू में वापसी का रास्ता अनंत सिंह ने खुद बंद कर दिया है। राजद और महागठबंधन में भी उनके लिए जगह नहीं दिख रही। ऐसे में बीजेपी ही एकमात्र ऐसा विकल्प है, जहां उनकी राजनीति फिट बैठती है।

फिलहाल अनंत सिंह ने इस पर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन शादी में दिखे समीकरणों ने यह साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीति में अनंत सिंह का अगला अध्याय बीजेपी से जुड़ा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *